
कालिंदी कुंज में आरटीओ की चेकपोस्ट को देर रात बंद कर दिया गया। अब दिल्ली और हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों से आने वाले कमर्शल वीइकल्स को सेक्टर-33 स्थित एआरटीओ ऑफिस जाकर टैक्स जमा करना होगा। एआरटीओ ऑफिस में इसके लिए काउंटर बना दिया गया है। टैक्स चोरी रोकने के लिए आठ मोबाइल टीमें सड़क पर उतारी गईं हैं।
क्यों बंद की गई चेकपोस्ट
दिल्ली से यूपी में एंट्री करते समय जांच पड़ताल के लिए अलग-अलग विभागों ने अपनी चेकपोस्ट बना रखी थीं। जांच के लिए लोगों को यहां घंटों रोका जाता था। लोगों की मुश्किल देखते हुए कमर्शल टैक्स डिपार्टमेंट की पांचों चेकपोस्ट बंद कर दी गईं हैं। पिछले साल सरकार ने नोएडा में ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की एकमात्र चेकपोस्ट कालिंदी कुंज को बंद कर दिया था, लेकिन टैक्स चोरी बढ़ने और राजस्व घटने की आशंका के मद्देनजर इसे फिर बहाल कर दिया था। अब इस चेकपोस्ट को दोबारा बंद किया गया है। टैक्स चोरी रोकने के लिए मोबाइल स्क्वॉड को तैनात कर दिया गया है।
क्या वाकई मिलेगी राहत!
चेकपोस्ट खत्म करने को लेकर शासन ने दलील दी है कि इससे दिल्ली और हरियाणा से कमर्शल वीइकल्स लाने वालों को राहत मिलेगी। वहीं दूसरी ओर चेक पोस्ट के बजाय एआरटीओ ऑफिस में टैक्स जमा करने की व्यवस्था से लोगों को कितनी राहत मिलेगी यह देखना बाकी है। नई व्यवस्था के तहत एआरटीओ ऑफिस में टैक्स जमा करने के दौरान यात्रियों को टैक्सी में इंतजार करना पड़ेगा।
एआरटीओ ऑफिस पर बढ़ेगी भीड़
चेकपोस्ट के मुकाबले एआरटीओ ऑफिस के पास गाड़ी खड़ी करने के लिए काफी कम जगह है। यहां पहले ही डीएल बनवाने, गाड़ी का रजिस्ट्रेशन कराने और अन्य कामों के लिए आने वालों की भीड़ लगी रहती है। अब लोगों का दबाव और बढ़ जाएगा। ऐसे में लोगों को अपने वीइकल खड़े करने के लिए जगह तलाशनी पड़ेगी।
मोबाइल स्क्वॉड से हो सकती है परेशानी
कमर्शल टैक्स डिपार्टमेंट की तर्ज पर आरटीओ ने भी टैक्स चोरी रोकने के लिए मोबाइल स्क्वॉड को तैनात किया है, लेकिन दोनों डिपार्टमेंटों की कार्यप्रणाली में काफी फर्क है। कमर्शल टैक्स डिपार्टमेंट माल लदे वीइकल चेक करता है। पेपर पूरे न होने पर डिपार्टमेंट नोटिस जारी करता है। वहीं अगर कोई टैक्सी चालक दिल्ली से नोएडा आता है और आरटीओ में टैक्स जमा करने जा रहा हो, तो भी मोबाइल स्क्वॉड उसे पकड़ सकता है। ऐसे में टैक्सी चालकों को नई व्यवस्था से दिक्कत हो सकती है।
मुश्किल से बचने का क्या है रास्ता
आरटीओ के मोबाइल स्क्वॉड से बचने के लिए टैक्सी चालक एडवांस टैक्स जमा कर सकते हैं। एडवांस टैक्स जमा न होने पर परेशानी उठानी पड़ सकती है।
महंगा होगा टैक्सी से नोएडा आना
यूपी सरकार की ओर से दिल्ली, हरियाणा या अन्य राज्यों से टैक्सी से नोएडा आने में प्रति सीट 60 रुपये के हिसाब से टैक्स देना होता है। इस टैक्स की वजह से टैक्सी ढाई सौ रुपये से लेकर 400 रुपये तक महंगी पड़ती है। दिल्ली, हरियाणा या अन्य राज्यों से नोएडा आने वाले यात्रियों को सुविधा या राहत तब मिलेगी जब सरकार टैक्स घटाए।
Source: Navbharat Times चेकपोस्ट बंद, एआरटीओ ऑफिस में जमा होगा टैक्स